1 सानँद मंदिर पंडित पूत सुबोल रहै पुनि प्राणपियारी । इच्छित संपति पूरि स्वतीयरती रहै सेवक भौंहनिहारी ॥ आतिथ औ शिवपूजन रोज रहै घर संचय सुअन्न औवारी । साधुन संग उपासतहै नित धन्य अहै गृह आश्रमधारी ॥
यदि आनन्दयुत घर मिले और लडके पंडित हों, स्त्री मधुरभाषिणी हो, इच्छाके अनुसार धन हो, अपनी ही स्त्रीमें रति हो, आज्ञापालक सेवक मिलें, अतिथिकी सेवा और शिवकी पूजा हो, प्रतिदिन गृहमें मीठा अन्न और जल मिले, सर्वदा साधुके संगकी उपासना, तो यह गृहस्थाश्रमही धन्य है ॥
2 दिय श्रद्धा रु दयासँयुत, आरत विप्रहिं जौन । थोरो मिलै अनंत ह्वै, उतनो ही नहिं तौन ॥
जो दयावान् पुरुष आर्त ब्राह्मणोंको श्रद्धासे थोडाभी दान देता है उस पुरुषको अनन्त होकर वह मिलता है, न कि जो ब्राह्मणोंको दिया जाता है उतनाही मिलता है ॥
3 दक्षता स्वजनबीच दया परजनबीच शठता सदाही रहै बीचदुरजनको । प्रीतिसाधुजनमें खलनमाहिं अभिमान सरलस्वभाव रहै बीच पंडितनके ॥ शत्रुनमें शूरता सयाननमें क्षमा पूर धूरताई राख फेर बिचि नारीजनके । ऐसे सब कलामें कुशल रहैं जेते लोग लोक तिथि रहि रहै बीच तिनहिनके ॥
अपने जनमें दक्षता, दूसरे जनमें दया, दुर्जनमें सदा दुष्टता, साधुजनमें प्रीति, खलमें अभिमान, विद्वानोंमें सरलता, शत्रुजनमें शूरता, बडे लोगोंके, विषयमें क्षमा, स्त्रीसे काम पडनेपर धूर्तता इस प्रकारसे जो लोग कलामें कुशल होते हैं उन्होंमें लोककी मर्यादा रहती है ॥
4 यह पाणि दानविहीन कान पुरान वेद सुने नहीं । अरु आंखि साधुन दर्शहीन न पांव तीरथ गे कहीं ॥ अनियाय वित्त भरो सुपेट उठचो शिरा अभिमनहीं । वपु नीच निंदित छोडु छोडु अरे सियार सो बेगहीं ॥
हाथ दानरहित हैं, कान वेदशास्त्रके विरोधी हैं, नेत्रोंने साधुका दर्शन नहीं किया, पांवने तीर्थगमन नहीं किया, अन्यायसे अर्जित धनसे उदर भरा है और गर्वसे शिर ऊँचा होरहा है, रे रे सियार ऐसे नीच निंद्य शरीरको शीघ्र छोड ॥
5 जो नर यशुमतिसुतचरणनमें भक्ति हृदयसे नहिं रखते । जो राधाप्रिय कृष्णचन्द्रके गुण जिह्वासे नहिं रटते ॥ जिनकेदोउकाननमाहिंकथारसकृष्णचन्द्रके नहिं गिरते । कीर्तनमाहिंमृदंगइन्हें धिक् धिक्अपनीध्वनिसे कहते ॥
श्रीयशोदासुतके पदकमलमें जिन लोगोंकी भक्ति नहीं रहती, जिन लोगोंकी जीभ अहीरोंकी कन्याओंके प्रियके अर्थात् श्रीकृष्णके गुणगानमें प्रीति नहीं रखती और श्रीकृष्णजीकी लीलाकी ललीत कथाका आदर जिनके कान नहीं करते, उन लोगोंको धिक् है धिक् है धिक् ऐसे कीर्तनका मृदंग सदा कहता है ॥
6 पात न होय करीलनमें यदि, दोष वसन्तहि कौन तहां है । त्यों जब देखि सके न उलूक, दिनै तहँ सूरजदोष कहां है ॥ चातक आनन बूँद परै नहिं, मेघन दूषण कौन वहां है । जो कुछ पूरव माथलिखा विधि मेटनको समरत्थ कहां है ॥
यदि करीलके वृक्षमें पत्ते नहीं होते तो वसन्तका क्या अपराध है ? यदि उलूक दिनमें नहीं देखता तो सूर्यका क्या दोष है ? वर्षा चातकके मुखमें नहीं पडती इसमें मेघका क्या अपराध है ? पहिलेही ब्रह्माने जो कुछ ललाटमें लिख रक्खा है उसे मिटानेको कौन समर्थ है ॥
7 सतसंगसों खलहु साधु स्वभाव सेवैं । साधू न दुष्टपन संग परेउ लेवैं । माटीहि वास कछु फूलन केरि पावै । माटीसुवास कहुँ फूल नहीं बसावै ॥
निश्चय है कि, अच्छेके संगसे दुर्जनोंमें साधुता आजाती है, परन्तु साधुओंमें दुष्टोंकी संगतिसे असाधुता नहीं आती, फूलके गंधको मट्टी लेलेती है, पर मट्टीके गन्धको फूल कभी नहीं धारण करते ॥
8 साधूदर्शन पुण्य हैं, साधु तीर्थके रूप । काल पाय तीरथ फलैं, तुरतहि साधु अनूप ॥
साधुओंका दर्शनही पुण्य है इस कारण कि साधु तीर्थ रूप हैं समयसे तीर्थ फल देता है, साधुओंका संग शीघ्रही काम करदेता है ॥
9 कहो या नगरमें महान कौन ! विप्र ! तौन तारनके वृक्षके कतारक कतार हैं ! दाता कहो कौन है ? रजक देत सांझ आनि धोय शुभ्र वस्त्रनको लेत जो सकार है ॥ दक्ष कहौ कौन है ? प्रत्यक्ष सबही हैं दक्ष हरनेको कुशल परायो धनदार हैं । कैसे तुम जीवत बताय कहो मोसों मीत विषकृमिन्याय करलीजे निरधार है ॥
हे विप्र ! इस नगरमें कौन बडा है ताडके पेडोंका समुदाय, कौन दाता है ? धोबी प्रातःकाल वस्त्र लेता है रात्रिमें देदेता है, चतुर कौन है ? दूसरेके धन और स्त्रीके हरणमें सबही कुशल हैं, तो ऐसे नगरमें आप कैसे जीते हो ? हे मित्र ! विषका कीडा विषहीमें जीता है वैसेही मैं भी जीता हूँ ॥
10 विप्रचरणके उदकसे, होत जहां नहिं कीच । वेद ध्वनि स्वाहा नहीं, वे गृह मर्घट नीच ॥
जिन घरोंमें ब्राह्मणोंके पांवोंके जलसे कीचड न भया हो और न वेदशास्त्रके शब्दकी गर्जना, और जो गृह स्वाहा स्वधासे रहित हों उनको श्मशानके समान समझना चाहिये ॥
11 सत्य मातु पितु ज्ञान, सखा दया भ्राता धरम । तिया शान्ति सुत जान, क्षमा यही षट्बन्धु मम ॥शब्दों में फ़र्क़
सत्य मेरी माता है और ज्ञान पिता है धर्म मेरा भाई है और दया मित्र, शांति मेरी स्त्री है और क्षमा पुत्र येही छः मेरे बन्धु हैं किसी संसारी पुरुषने ज्ञानीको देखकर चकित हो पूछा कि संसारमें माता, पिता, भाई, मित्र, स्त्री, पुत्र ये जितनाही अच्छेसे अच्छे हों उतनाही संसारमें आनन्द होता है, तुझको परम आनन्दमें मग्न देखता हूँ तो तुझको भी कहीं न कहीं कोई उनमेंसे होगा ज्ञानीने समझा कि जिस दशाको देखकर यह चकित है वह दशा क्या सांसारिक कुटुम्बोंसे होसक्ती है इस कारण जिनसे मुझे परम आनन्द होताहै इन्हींको इससे कहूँ कदाचित् यह भी इनको स्वीकार करें ॥
12 है अनित्य यह देह, विभव सदा नाहिंन रहै । निकट मृत्यु नित येह, चहिय कीह संग्रह धरम ॥
शरीर अनित्य है, विभवभी सदा नहीं रहता, मृत्यु सदा निकट ही रहता है इस कारण धर्मका संग्रह करना चाहिये ॥
13 नेवतन द्विजको है हरी, गौवनको नवघास । पति उत्सव युवतीनको, मोहिं उत्सव रणखास ॥
निमन्त्रण ब्राह्मणोंका उत्सव है और नवीन घास गौओंका उत्सव है, पतिके उत्साहसे स्त्रियोंका उत्साह होताहै हे कृष्ण ! मुझको रणही उत्सव है ॥
14 परधन माटीके सरिस, परतिय माता भेख । आपुसरीखे जगत् सब, जो देखे सो देख ॥
दूसरेकी स्त्रीको माताके समान, दूसरेके द्रव्यको ढेलाके समान और अपने समान सब प्राणियोंको जो देखता है वही देखता है ॥
15 धर्म माहिं रुचि मुख मीठी वानि दानबिच शक्ति मित्र संग नाहिं ठगनेकी वानि है । वृद्धनमें नम्रता रु मनमें गंभीरता है शुद्ध है आचार गुण विचार सज्ञान है ॥ शास्त्रको विशेष ज्ञान रूप हू सुहावनो है शिवजूके भजनको सब काल ध्यान है । कहै पुष्पवंत ज्ञानी राघो बीच जानो सब और इकठौर कहिं इनको न भान है ॥
धर्ममें तत्परता, मुखमें मधुरता, दानमें उत्साहता, मित्रके विषयमें निश्छलता, गुरुसे नम्रता, अन्तःकरणमें गभीरता, आचारमें पवित्रता, गुणमें रसिकता, शास्त्रोंमें विशेषज्ञान, रूपमें सुन्दरता और शिवकी भक्ति, हे राघव ! ये आपहीमें हैं ॥
16 कल्पवृक्ष काठ अरु अचल सुमेरु अहै चिंतामणि रत्नहू पषाण जाति जानिये । सूरजमें उष्णता रु कलाहीन चंद्रमा सो सागरहु जल महाखारी यह जानिये ॥ कामदेव नष्टतनु अरु राजा बली दैत्यसुत कामधेनु गौकी पशु जाति मानिये । उपमा श्रीरामजूकी इनसे कछू ना तुलै और कौन वस्तु जासे उपमा बखानिये ॥
कल्पवृक्ष काठ है, सुमेरु अचल है, चिंतामणि पत्थर है, सूर्यकी किरण अत्यन्त उष्ण हैं, चन्द्रमाकी किरण क्षीण होजातीहैं, समुद्र खारा है, कामको शरीर नहीं है, बलि दैत्य है, कामधेनु सदा पशुही है, इस कारण आपके साथ इनकी तुलना नहीं देसक्ते हैं हे रघुपति ! फिर आपको किसकी उपमा दीजाय ॥
5.15 विद्या मित्र बिदेशमें, घरमें नारी मित्र । रोगिहि औषध मित्र है, मरे धर्म है मित्र ॥
प्रवासमें, विद्या हित करती है, घरमें स्त्री मित्र है, रोगग्रस्त पुरुषका हित औषध होताहै और धर्म मरेका उपकार करता है ॥
17 राजसुतनस विनय अरु, बुधसे सुन्दर बात । झूठ जुवारिनसे कपट, स्त्रियोंसे सीखी जात ॥
सुशीलता राजाके लडकोंसे, प्रियवचन पंडितोंसे असत्य जुआँरियोंसे और छल स्त्रियोंसे सीखना चाहिये ॥
18 बिनु विचार खर्चा करै, झगरे विनहि सहाय । आतुर सब तियमों रहै, सो नर वेगि नशाय ॥
विना विचारे व्यय करनेवाला, सहायकके न रहनेपरभी कलहमें प्रीति रखनेवाला और सब जातिकी स्त्रियोंमें भोगके लिये व्याकुल होनेवाला पुरुष शीघ्रही नष्ट होता है ॥
19 नहिं अहार चिंतहि सुमत, चिंतहि धर्महि एक । होहिं साथही नरनके, नरहिं आहार अनेक ॥
पंडितको आहारकी चिन्ता नहीं करनी चाहिये एक धर्मको निश्चयसे शोचना चाहिये इस हेतु कि आहार मनुष्योंको जन्मके साथही उत्पन्न होता है ॥
7.2 लेन देन धन अनके, विद्या पढने माहिं । भोजन सभा विवादमें, तजै लाज सुख माहिं ॥
धनधान्य व्यवहार करनेमें, वैसेही विद्याके पठन पढानेमें, आहारमें और राजाकी सभामें, किसीके साथ विवाद करनेमें जो लज्जाको छोडे रहेगा वही सुखी होगा ॥
20 एक एक जलबूँदके, परते घट भरिजाय । सब विद्या धन धर्मको, कारण यही कहाय ॥
क्रमसे जलके एक २ बून्दके गिरनेसे घडा भरजाता है यही सब विद्या धर्म और धनकाभी कारण है ॥
21 बीति गयेहू उमरिके, खल खलही रहिजाय । पकेहु मिठाई गुण कहौं, नाहिं न वारुण पाय ॥
जो खल रहता है सो वयके परिणाम परभी खलही बनारहताहै । अत्यन्त पकीभी तिक्त लौकी मीठी नहीं होती ॥


