1 केहिके कुलमें दोष नहिं, व्याधि न पीडित कौन । दुख पायो नहिं कौन वह, नित सुख काके भौन ॥
किसके कुलमें दोष नहीं है ? व्याधिने किसे पीडित न किया ? किसको न दुःख मिला ? किसको सदा सुखही रहा ? ॥
2 आचारै कुल कहँ कहत, बोल कहत है देश । संभ्रम प्रीतिहि कहत है, तन भोजनहि हमेस ॥
आचार कुलको बतलाता है, बोली देशको जनाती है, आदर प्रीतिका प्रकाश करती है, शरीर भोजनको जनाता है ॥
3 कन्या सतकुल व्याहिये, विद्या सुतहिं पढाइ । शत्रुहि पीडै मित्र कहँ, दीजै धर्म लगाइ ॥
कन्याको श्रेष्ठ कुलवालेको देनी चाहिये, पुत्रको विद्यामें लगाना चाहिये, शत्रुको दुःख पहुँचाना उचित है और मित्रको धर्मका उपदेश करना चाहिये ॥
4 खलहु सर्प इन, दुहुनमें, भला सर्प खल नाहिं । सर्प डसत है कालमें, खल जन पदपद माहिं ॥
दुर्जन और सर्प इनमें सांप अच्छा, दुर्जन नहीं, इस कारण कि, सांप काल आनेपर काटताहै, खल तो पदपदमें ॥
5 भूप कुलीननको करे, संग्रही याही हेत । आदि मध्य औ अंतमें, नृपहि न ते तजि देत ॥
राजालोग कुलीनोंका संग्रह इस निमित्त करते हैं कि ये आदि अर्थात् उन्नति, मध्य अर्थात् साधारण और अन्त अर्थात् विपत्तिमें राजाको नहीं छोडते ॥
6 मर्यादा सागर तजैं, प्रलय होनके काल । उत साधू छोडैं नहीं, सदा आपनी चाल ॥
समुद्र प्रलयके समयमें अपनी मर्यादाको छोड देते हैं और सागर भेदकी इच्छा भी रखते हैं, परन्तु साधु लोग प्रलय होनेपर भी अपनी मर्यादाको नहीं छोडते ॥
7 मूरखको तजि दीजिये, प्रगट द्विपद पशु जान । वचन शल्यतें वेधहीं, अंधहिं कांट समान ॥शब्दों में फ़र्क़
मूर्खको दूर करना उचित है, इस कारण कि, देखनमें वह मनुष्य है, परंतु यथार्थ देखे तो दो पांवका पशु है, और वाक्यरूप शल्यसे वेधता है जैसे अन्धेको कांटा ॥
8 विद्या बिन कुलमान, यदपि रूपयौवन सहित । सुमन पलाश समान, सोह न सौरभके बिना ॥
सुन्दरता, तरुणता और बडे कुलमें जन्म इनके रहतेभी विद्याहीन पुरुष बिना गन्ध पलाश ( ढाक ) के फूलके समान नहीं शोभते ॥
9 रूप कोकिलन स्वर तियन, पतिव्रत रूप अनूप । विद्यारूप कुरूपको, क्षमा तपसिन रूप ॥
कोकिलोंकी शोभा स्वर है, स्त्रियोंकी शोभा पातिव्रत्य, कुरूपोंकी शोभा विद्या है, तपस्वियोंकी शोभा क्षमा है ॥
10 एक तजै कुलअर्थ लगि, ग्राम कुलहुको अर्थ । तजै ग्राम देशार्थ लगि, देशौ आतम अर्थ ॥
कुलके निमित्त एकको छोडदेना चाहिये ग्रामके हेतु कुलका त्याग उचित है, देशक अर्थ ग्रामका और अपने अर्थ पृथिवीका अर्थात् सबका त्याग ही उचित है ॥
11 नहिं दरिद्र उद्योगपर, जपते पातक नाहिं । कलह रहै नहिं मौनमें, नहिं भय जागत माहिं ॥
उपाय करनेपर दरिद्रता नहीं रहती, जपनेवालोंको पाप नहीं रहता; मौन होनेसे कलह नहीं होता और जागनेवालेके निकट भय नहीं आता ॥
12 अतिछबि सीताहरण भो, नशि रावण अति गर्व । अतिहिं दानते बलि बँधे, अति तजिये थल सर्व ॥शब्दों में फ़र्क़
अतिसुन्दरताके कारण सीता हरी गई, अतिगर्वसे रावण मारा गया, बहुत दान देकर बलिको बँधना पडा, इस हेतु अतिको सब स्थलमें छोडदेना चाहिये ॥
13 उद्योगहि कछु दूर नहिं, बलिहि न भार विशेष । प्रियवादिन अप्रिय नहिं, बुधहि न कठिन विदेश ॥शब्दों में फ़र्क़
समर्थको कौन वस्तु भारी है, काममें तत्पर रहनेवालेको क्या दूर है, सुन्दर विद्यावालोंको कौन विदेश है, प्रियवादियोंको अप्रिय कौन है ॥
14 एक सुगंधित वृक्षसे, सब बन होत सुबास । जैसे कुल शोभित अहै, सोहि सुपुत्र गुणरास ॥
एक भी अच्छे वृक्षसे जिसमें सुन्दर फूल और गन्ध है उससे सब वन सुवासित होजाता है जैसे सुपुत्रसे कुल ॥
15 सूख जरत इक तरुहिंते, जस लागत बन डाह । कुलको दाहक होतहै, तस कपूतकी बाढ ॥
आगसे जरते हुए एकही सूखे वृक्षसे वह सब वन ऐसे जरजाता है जैसे कुपुत्रसे कुल ॥
16 एकहु सुत जो होय, विद्यायुत औ साधुचित । आनंदित कुल सोय, यथा चंद्रमासे निशा ॥
विद्यायुक्त भले एक भी सुपुत्रसे सब कुल ऐसे आनंदित होजाता है जैसे चन्द्रमासे रात्रि ॥
17 करनहार सन्ताप सुत, जनमें कहा अनेक । देइ कुलहि विश्राम जो, श्रेष्ठ होय वरु एक ॥
शोक सन्ताप करनेवाले उत्पन्न बहुपुत्रोंसे क्या, कुलको सहारा देनेवाला एकही पुत्र श्रेष्ठ है जिसमें कुल विश्राम पाता है ॥
18 पंचवर्षलौं लालिये, दशलौं ताडन देइ ॥ सुतहि सोलवें वर्षमें, मित्र सरिस गनि लेइ ॥
पुत्रको पांच वर्षतक दुलरावे, उपरांत दस वर्षपर्यंत ताडन करें, सोलहवें वर्षकी प्राप्ति होनेपर पुत्रमें मित्रसमान आचरण करे ॥
19 काल उपद्रव संग शठ, अन्न राज भय होय । तेहि थलत जो भागिहै, जीवत बचिहै सोय ॥
उपद्रव उठनेपर, शत्रुके आक्रमण करनेपर, भयानक अकाल पडनेपर और खलजनके संग होनेपर जो भागता है वह जीवता रहता है ॥
20 धर्म अर्थ कामादिमें, अहै न एकौ जाय । जन्म भयेको फल मिल्यो, केवल मरणहि ताहि ॥
धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष इनमेंसे जिसको कोई भी ना भया उसको मनुष्योंमें जन्म होनेका, फल केवल मरणही हुआ ॥
21 जहां अन्न संचित रहै, मूर्ख मान नहिं पाव । दंपतिमें जहँ कलह नहिं, संपति आपुइ आव ॥
जहां मूर्ख नहीं पूजे जाते जहां अन्न संचित और जहां स्त्रीपुरुषमें कलह नहीं होता वहां आपही लक्ष्मी विराजमान रहती है ॥








